अयोध्या:अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि से जुड़े कथित गबन मामले में बड़ा मोड़ आया है। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए नामजद सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी तेज हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। एफआईआर में राम शंकर यादव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, सुभाष चंद्र, मनीष यादव समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। कुछ अन्य अज्ञात लोगों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
आरोपियों के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में चढ़ावे और दान राशि के प्रबंधन में कथित अनियमितताओं की बात सामने आने के बाद कार्रवाई की गई।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित गड़बड़ी कितने समय से चल रही थी और इसमें कितने लोग शामिल हो सकते हैं। जांच एजेंसियां वित्तीय रिकॉर्ड और लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी खंगाल रही हैं।
राम मंदिर देश की आस्था का बड़ा केंद्र माना जाता है, ऐसे में इस मामले ने प्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा तेज कर दी है। पुलिस और जांच एजेंसियों की आगे की कार्रवाई पर अब सबकी नजर बनी हुई है।








