उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे एक भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए।
हादसा उस समय हुआ जब हरियाणा के झज्जर से बिहार के नालंदा जा रही बाबा ट्रैवल्स की स्लीपर बस अचानक बेकाबू होकर आगे चल रही अर्टिगा कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और बस रेलिंग तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे गड्ढे में पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना बांगरमऊ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बस और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सीएचसी बांगरमऊ भेजा गया। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार बस में करीब 70 यात्री सवार थे, जबकि कार में 9 लोग बैठे थे। हादसे में कार सवार चार और बस में सवार चार लोग घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान धुनगुन (60), अंजू (40), दिव्या (6), अमृता (13) और विनोद (45) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस चालक को नींद की झपकी आना बताई जा रही है। हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।
बताया जा रहा है कि हादसा उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्र में जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दूर हुआ। घटना की सूचना पर डीएम घनश्याम मीणा, एसपी जय प्रकाश सिंह और एसडीएम बृजमोहन शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।








