वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर के वीआईपी गेट नंबर-4 के पास शनिवार सुबह करीब 6:44 बजे पीएसी जवान की कार्बाइन से अचानक फायरिंग हो गई। कार्बाइन से दो राउंड फायर हुए, जिनकी गोलियां सड़क पर लगीं। गोली लगने से सड़क की गिट्टी उछलकर आसपास खड़े तीन लोगों को लगी, जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

घटना का 57 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दिख रहा है कि पीएसी जवान पहले बाएं हाथ में कार्बाइन पकड़े था, फिर उसने उसे दाएं हाथ में लिया। इसी दौरान अचानक फायर हो गया। गोली चलने के बाद जवान खुद भी चौंक गया और हथियार को देखने लगा।

घटना में घायल निकी गुप्ता, रामबाबू और विकास यादव को पुलिस ने तत्काल कबीरचौरा अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक तीनों की हालत खतरे से बाहर है। दो लोगों के हाथ-पैर में और एक के हाथ व कमर में गिट्टी के टुकड़े लगे हैं।
डीआईजी शिव हरि मीणा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि नंदू फेरी वाली गली में पीएसी जवान श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित कर रहा था। इसी दौरान कार्बाइन से एक्सीडेंटल फायर हो गया। मामले की जांच कराई जा रही है।
जिस पीएसी जवान की कार्बाइन से फायर हुआ, उसकी पहचान अमरनाथ चौहान के रूप में हुई है। वह 48वीं वाहिनी पीएसी में तैनात है और वर्ष 1987 बैच का जवान है। फिलहाल पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई है।
घायल रामबाबू ने बताया कि वह दुकान के बाहर खड़े थे, तभी अचानक गोली चली और गिट्टी उनके हाथ व पैर में लगी। वहीं विकास यादव ने कहा कि गोली चलने के बाद पुलिस ने मौके से गोली और कारतूस के अवशेष हटा दिए। उन्हें हाथ और कमर में चोट आई है।








