लखनऊ-कानपुर। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के संचालन से पहले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल दरें जारी कर दी हैं। एक्सप्रेसवे की बैरिकेडिंग पर नई टोल शुल्क सूची चस्पा कर दी गई है। इसके बाद एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहनों के लिए निर्धारित शुल्क की तस्वीर साफ हो गई है।
नई दरों के अनुसार कार से लखनऊ से कानपुर की एक तरफ की यात्रा के लिए ₹285 टोल शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि वापसी यात्रा के लिए ₹425 शुल्क देना होगा। इसके अलावा बस, ट्रक और मल्टी-एक्सल वाहनों के लिए भी अलग-अलग टोल दरें तय की गई हैं।
एक्सप्रेसवे के शुरू होने से पहले टोल वसूली से जुड़ी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बैरिकेडिंग पर शुल्क सूची लगाए जाने के बाद वाहन चालकों को यात्रा के दौरान लगने वाले टोल की जानकारी मिल सकेगी। लखनऊ और कानपुर के बीच तेज और सुगम आवागमन के लिए तैयार किए जा रहे इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने का लोगों को बेसब्री से इंतजार है।








