रिपोर्ट – गौरव शुक्ला
कानपुर देहात। सावन के पावन माह में चारों ओर शिवभक्ति की अद्भुत छटा देखने को मिल रही है। इसी क्रम में आज कस्बा अकबरपुर से भव्य कांवड़ यात्रा निकली, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया।

सावन के पवित्र माह में शिवभक्त कांवड़िये “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के साथ भगवान सदाशिव को जल अर्पित करने के लिए अपनी कांवड़ लेकर निकले।
आज कस्बा अकबरपुर से निकली इस आकर्षक और भव्य कांवड़ यात्रा ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कांवड़ियों ने भगवान सदाशिव की मनमोहक झांकी को अपने कंधों पर विराजमान किया, वहीं भारी-भरकम कलश लेकर श्रद्धा और आस्था के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया।

कांवड़ यात्रा को देखने के लिए कस्बे के लोग बड़ी संख्या में उमड़े। श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का स्वागत किया और स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हुए उनके साथ भक्ति में लीन होकर नृत्य किया। पूरा कस्बा शिवमय हो उठा और “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।

श्रद्धा, आस्था और उत्साह से ओत-प्रोत यह भव्य कांवड़ यात्रा सावन माह की धार्मिक परंपरा और शिवभक्ति का जीवंत उदाहरण बन गई।








