कानपुर। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने कानपुर मेट्रो यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। अब कानपुर मेट्रो का एनसीएमसी (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) गो-स्मार्ट कार्ड लखनऊ मेट्रो में भी मान्य होगा। इससे यात्री एक ही कार्ड के जरिए कानपुर, लखनऊ और आगरा मेट्रो में बिना किसी अतिरिक्त कार्ड या टिकट के यात्रा कर सकेंगे। साथ ही प्रत्येक मेट्रो यात्रा पर 10 प्रतिशत किराया छूट का लाभ भी मिलेगा।

यूपीएमआरसी ने यह सुविधा ‘वन नेशन, वन कार्ड’ की अवधारणा के तहत शुरू की है। इससे पहले एनसीएमसी कार्ड की सुविधा अप्रैल 2023 में कानपुर मेट्रो और मई 2025 में आगरा मेट्रो में लागू की गई थी। अब लखनऊ मेट्रो के जुड़ने से यूपीएमआरसी के तीनों मेट्रो नेटवर्क एक ही स्मार्ट कार्ड से जुड़ गए हैं।
नौबस्ता विस्तार से पहले यात्रियों को राहत
कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) के शेष हिस्से कानपुर सेंट्रल-नौबस्ता पर जल्द शुरू होने वाली यात्री सेवा को देखते हुए यह सुविधा शहरवासियों के लिए और भी फायदेमंद होगी।

वर्तमान किराया संरचना के अनुसार आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक ₹40 का किराया है, लेकिन एनसीएमसी कार्डधारकों को 10 प्रतिशत छूट के बाद केवल ₹36 का भुगतान करना होगा।
लखनऊ आने-जाने वालों को मिलेगा बड़ा लाभ
कानपुर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नौकरी, व्यापार और अन्य कार्यों के लिए लखनऊ जाते हैं। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने के बाद यात्री एक ही

एनसीएमसी कार्ड से कानपुर और लखनऊ दोनों शहरों की मेट्रो सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे। इससे अलग-अलग टिकट लेने की झंझट खत्म होगी और समय के साथ पैसे की भी बचत होगी।
टिकट की लाइन से मिलेगी छुट्टी
एनसीएमसी कार्ड से यात्रियों को हर बार टिकट काउंटर पर लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। कार्ड के जरिए सीधे एंट्री-एग्जिट के साथ-साथ क्यूआर टिकट खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। यही कार्ड देश के अन्य एनसीएमसी-सक्षम मेट्रो नेटवर्क, बस सेवाओं, पार्किंग और कई डिजिटल भुगतान सेवाओं में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
कैसे मिलेगा एनसीएमसी कार्ड?
गो-स्मार्ट एनसीएमसी कार्ड कानपुर मेट्रो के सभी स्टेशनों के टिकट काउंटर पर उपलब्ध है। कार्ड जारी कराने के लिए ₹100 शुल्क देना होगा। वैध पहचान पत्र और मोबाइल ओटीपी सत्यापन के बाद कार्ड तुरंत जारी कर दिया जाता है। इसमें ₹100 से ₹2,000 तक टॉप-अप किया जा सकता है।

रिचार्ज टिकट काउंटर, टिकट वेंडिंग मशीन, यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग, आधिकारिक मोबाइल ऐप और यूपीएमआरसी की वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि एनसीएमसी एक इंटरऑपरेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड है, जिससे यात्रियों को विभिन्न शहरों में एक ही कार्ड से निर्बाध यात्रा की सुविधा मिलेगी और उनका समय व ऊर्जा दोनों बचेंगे।










