रिपोर्ट – विवेक त्रिवेदी
कानपुर देहात। माती स्थित ईको पार्क ऑडिटोरियम हॉल में उत्तर प्रदेश पंचायती राज सफाई कर्मचारी संघ का वार्षिकोत्सव एवं नवनिर्वाचित ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान संगठन की मजबूती, सफाई कर्मचारियों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायती राज अधिकारी विकास पटेल और विशिष्ट अतिथि संघ के पूर्व प्रदेश महामंत्री रामेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया। विभिन्न जनपदों से पहुंचे पदाधिकारियों का फूल-मालाओं और प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने सफाई कर्मचारियों के अधिकारों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए संगठन की एकजुटता को मजबूत करने पर जोर दिया। कर्मचारियों के कल्याण और उनके हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयास किए जाने की बात कही गई।
समारोह के दौरान जनपद कानपुर देहात के सभी ब्लॉकों के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। साथ ही कर्मचारियों से शासन की मंशा के अनुरूप स्वच्छ भारत मिशन को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ सफल बनाने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में सफाई कर्मचारियों की एकजुटता और संगठन के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई।
पूर्व प्रदेश महामंत्री रामेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाना और उनके अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और सभी को अपने कर्तव्यों के साथ-साथ अपने अधिकारों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।
कानपुर देहात सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष भारत सिंह ने कहा कि जनपद के सभी ब्लॉकों में संगठन को मजबूत किया जा रहा है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने और उनके समाधान के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।











