कानपुर। रक्षाबंधन के पर्व पर दयानंद विहार विद्युत उपकेंद्र से जुड़े अकबरपुर और आसपास के इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने की खबर न्यूज चौपाल यूपी द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद विद्युत विभाग ने समस्या के समाधान की दिशा में तेजी दिखाई। इसके बाद कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई, जबकि कुछ स्थानों पर अभी भी मरम्मत का कार्य जारी है।
सुबह करीब पांच बजे से बिजली गुल होने के कारण लोगों को पूरे दिन परेशानी का सामना करना पड़ा था। बिजली आपूर्ति बाधित होने से घरों में पानी की मोटर नहीं चल सकी और लोगों को पानी की समस्या से भी जूझना पड़ा। त्योहार के दिन लंबे समय तक बिजली न आने से स्थानीय लोगों में नाराजगी थी।
मामला सामने आने के बाद न्यूज चौपाल यूपी ने बिजली संकट को प्रमुखता से उठाया। खबर का संज्ञान लेते हुए जिम्मेदारों ने विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कराया। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, लाइन में शॉर्ट होने के साथ ही ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण आपूर्ति बहाल करने में अधिक समय लगा।
विद्युत विभाग की ओर से बताया गया कि कई जगहों पर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में तकनीकी समस्या को दूर करने के लिए मरम्मत कार्य अभी चल रहा है। अधिकारियों ने लोगों को समय से बिजली आपूर्ति नहीं मिल पाने पर खेद भी जताया।
बिजली आपूर्ति शुरू होने से कई इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, जिन क्षेत्रों में अभी काम चल रहा है, वहां के लोगों को आपूर्ति बहाल होने का इंतजार है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि शेष क्षेत्रों में भी मरम्मत कार्य जल्द पूरा कर बिजली आपूर्ति सुचारु की जाए।







