कानपुर देहात। जनपद पुलिस व्यवस्था में व्यापक स्तर पर बदलाव किया गया है। जनपदीय पुलिस स्थापना बोर्ड की संस्तुति के बाद पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने 130 मुख्य आरक्षियों और आरक्षियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। आदेश के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों को बिना विलंब नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
तबादला सूची में अकबरपुर, मंगलपुर, सिकंदरा, रसूलाबाद, रूरा, भोगनीपुर, राजपुर, बरौर, गजनेर, अमराहट, देवराहट, डेरापुर, रनियां और शिवली समेत जिले के कई थाने शामिल हैं।
पुलिस लाइन से थानों और महत्वपूर्ण शाखाओं में तैनाती
जारी आदेश के तहत पुलिस लाइन में तैनात कई पुलिसकर्मियों को विभिन्न थानों के साथ-साथ अभियोजन कार्यालय, न्यायालय सुरक्षा, न्यायिक सम्मन सेल, साइबर थाना, महिला सहायता प्रकोष्ठ, मीडिया सेल और यूपी-112 जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं में भेजा गया है।
वहीं, कई पुलिसकर्मियों को थानों और विभिन्न शाखाओं से पुलिस लाइन भेजा गया है। विभागीय स्तर पर किए गए इस बदलाव को पुलिस व्यवस्था में बेहतर समन्वय और कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश
पुलिस विभाग की ओर से स्थानांतरित किए गए सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी नई तैनाती वाले स्थान पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें। प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब अलग-अलग थानों और शाखाओं में पुलिसकर्मियों की नई जिम्मेदारियां तय हो गई हैं।








