रिपोर्ट- सुनील
कानपुर देहात। डेरापुर थाना क्षेत्र में कानपुर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हो गई। मुंगीसापुर के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे की सूचना मिलने पर डेरापुर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद कार के अंदर से दो लोगों के जले हुए शव बरामद किए गए। दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, कार दिल्ली नंबर की है। वाहन के रजिस्ट्रेशन से जुड़े मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर पता चला कि कार पहले ही बिहार के एक व्यक्ति को बेची जा चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने अन्य माध्यमों से मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही कार और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के कारण कुछ देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।
डेरापुर थाना प्रभारी धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं।








