कानपुर देहात। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रविवार को कानपुर देहात पहुंचे, जहां उन्होंने संगठनात्मक बैठकों में भाग लेकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाया जाएगा तथा सरकार की योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाने का अभियान तेज किया जाएगा।
दौरे के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने सबसे पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी रहे रज्जन लाल मिश्रा के आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, जनप्रतिनिधि और पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में पंकज चौधरी ने संगठन की मजबूती, सदस्यता विस्तार और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता के बीच जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएं तथा पार्टी को और मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान जनता को भ्रमित करने की कोशिश की गई थी, लेकिन अब सच्चाई सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि हाल के चुनावी परिणामों ने भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के भरोसे को फिर साबित किया है।
इंडिया गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर पंकज चौधरी ने कहा कि गठबंधन के दलों में आपसी विश्वास की कमी साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि कई सहयोगी दल अब अलग राह चुन रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि विपक्षी गठबंधन की प्रासंगिकता लगातार कमजोर हो रही है।
उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में भी जनता के आशीर्वाद से बड़ी जीत दर्ज करेगी।











