लखनऊ (संवाददाता)। भाजपा ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों का औपचारिक आगाज कर दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लखनऊ में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में साफ संदेश दिया कि चुनाव बड़े रोड शो या जुलूस से नहीं, बल्कि जनता के बीच लगातार मौजूद रहने से जीता जाएगा।
बैठक में उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि हर महीने जिले और क्षेत्र का दौरा करें, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाएं और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। उनका कहना था कि विपक्ष के बनाए गए नैरेटिव का जवाब सोशल मीडिया से ज्यादा जनता के बीच जाकर देना होगा।
नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी के लिए सबसे बड़ी चुनौती संगठन को और मजबूत बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से टीम भावना के साथ काम करने और आपसी मतभेद छोड़कर विपक्ष के खिलाफ पूरी ताकत लगाने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि जनता का विश्वास जीतना ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की भी रूपरेखा तय की गई। अगस्त के पहले सप्ताह में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी, जिसके बाद प्रत्येक महीने जिला कार्यसमिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इससे संगठन की सक्रियता और जवाबदेही बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।
अपने संबोधन में नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकारों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से इन्हें आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।








