अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में पहली बार सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक हस्तलिखित पत्र साझा करते हुए कहा कि मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रहा है और रिपोर्ट आने तक वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
चंपत राय ने अपने पत्र में लिखा कि पिछले कुछ दिनों से उनके बारे में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं और आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह जांच एजेंसियों पर पूरा भरोसा रखते हैं और एसआईटी की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे।
पत्र में उन्होंने रामचरितमानस की चौपाई “धीरज, धर्म, मित्र अरु नारी, आपद काल परखिए चारी” का उल्लेख करते हुए संकेत दिया कि कठिन समय में ही व्यक्ति की वास्तविक परीक्षा होती है। उन्होंने लिखा कि सत्य सामने आने तक धैर्य बनाए रखना उचित होगा।
गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़े कथित गबन के मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज हो चुकी है। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूरे प्रकरण की जांच एसआईटी कर रही है, जो वित्तीय लेनदेन, रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
चंपत राय ने अपने पत्र में यह भी कहा कि वह वर्ष 1991 से पूर्णकालिक प्रचारक के रूप में समाज जीवन में सक्रिय हैं और सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता तथा संगठन की मर्यादा का पालन करते रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।
अब इस मामले में सभी की नजर एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि चढ़ावा प्रकरण में किसकी क्या भूमिका रही और आगे क्या कार्रवाई होगी।








