कानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कानपुर दौरे के दौरान एक ऐसा पल भी देखने को मिला जिसने स्थानीय कारीगरों की कला को नई पहचान दिला दी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को पारंपरिक माटीकला से तैयार की गई विशेष गुल्लक भेंट की।
यह गुल्लक पारंपरिक मिट्टी शिल्प को आधुनिक डिजाइन और आकर्षक रंग तकनीक से जोड़कर तैयार की गई थी। गुल्लक की खूबसूरती और उसकी कलात्मक बनावट को देखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुछ क्षणों के लिए उसे ध्यानपूर्वक निहारते नजर आए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी इस दृश्य को उत्सुकता से देखा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प को बढ़ावा देने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री की यह सराहना कानपुर और आसपास के क्षेत्रों के माटीकला से जुड़े कारीगरों के लिए उत्साहवर्धन का काम करेगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अपने कानपुर दौरे के दौरान विकास परियोजनाओं की समीक्षा, प्राकृतिक खेती सम्मेलन और विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में शामिल हुए। इसी क्रम में उन्हें यह विशेष गुल्लक स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की गई, जिसने कार्यक्रम में अलग आकर्षण पैदा किया।








