कानपुर नगर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने स्वरूप नगर स्थित राजकीय बाल गृह बालिका पहुंचकर वहां रह रही बेटियों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। बच्चियों ने डीएम को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी बेटियों को उपहार स्वरूप गुल्लक भेंट की।

बच्चियों से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गुल्लक में नियमित रूप से की जाने वाली छोटी-छोटी बचत भविष्य में बड़े सपनों को पूरा करने का जरिया बन सकती है। उन्होंने बेटियों को पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और जीवन में अपना लक्ष्य तय कर उसे पाने के लिए निरंतर मेहनत करने की सलाह दी।

डीएम ने बाल गृह में रह रही बच्चियों से उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जरूरतों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी पढ़ाई और आवश्यक सुविधाओं के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास कुमार, अचिन्त्य चैरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, निदेशक दिशा अरोड़ा, शिल्पी अग्रवाल और सुमन वर्मा मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट में भी छात्राओं ने बांधी राखी
इससे पहले कलेक्ट्रेट में रक्षाबंधन के मौके पर अलग-अलग विद्यालयों की छात्राओं ने जिलाधिकारी को राखी बांधी। आरके एजुकेशन सेंटर, जीटी रोड महाराजपुर और फातिमा कॉन्वेंट स्कूल, अशोक नगर की छात्राओं ने डीएम से मुलाकात कर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने छात्राओं से पढ़ाई और उनके भविष्य के लक्ष्यों को लेकर बातचीत की। बातचीत के दौरान कुछ छात्राओं ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई। वहीं आरके एजुकेशन सेंटर की छात्रा वैष्णवी ने आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करने की इच्छा बताई। डीएम ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि लक्ष्य चाहे कोई भी हो, उसे हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन और लगन जरूरी है।

इस अवसर पर आरके एजुकेशन सेंटर की अनन्या सिंह, आराध्या, नितिका, मेहक, आस्था, नंदिनी, वैष्णवी और रिद्धि तथा फातिमा कॉन्वेंट स्कूल की भूमिका आर्या, जुवैरिया फातिमा, याशी चौरसिया, नाबिया फातिमा और पंखुड़ी जायसवाल ने जिलाधिकारी को राखी बांधी।
वहीं ब्रह्माकुमारीज सिविल लाइंस सेवा केंद्र की बहनों ने भी कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी और अधिकारियों को रक्षा सूत्र बांधा। सब-जोन प्रभारी राजयोगिनी बीके गिरजा दीदी ने रक्षा सूत्र बांधा, जबकि बीके सरोज और बीके सिमरन ने तिलक लगाकर सभी के स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।







