कानपुर। उत्तर प्रदेश STF ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र से एक अंतरराज्यीय कछुआ तस्कर को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी के कब्जे से 171 जीवित इंडियन रूफ्ड टर्टल (Indian Roofed Turtle) बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

STF की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह फतेहगढ़ और आसपास के जिलों के तालाबों व नदियों से स्थानीय कछुआ तस्करों के माध्यम से कछुए एकत्र करता था। इसके बाद कानपुर के तस्करों के साथ मिलकर इन कछुओं की खेप बिहार और पश्चिम बंगाल भेजी जाती थी।

जांच में सामने आया है कि तस्करी का यह नेटवर्क पश्चिम बंगाल के रास्ते कछुओं को आगे विदेश भेजने की कोशिश करता था। STF अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और कछुओं की सप्लाई चेन की जानकारी जुटा रही है।
STF की कार्रवाई के बाद वन्यजीव तस्करी से जुड़े गिरोह में हड़कंप मचा हुआ है। बरामद कछुओं को सुरक्षित रखने और आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
STF अब यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में कानपुर, बिहार और पश्चिम बंगाल के अलावा किन-किन राज्यों के तस्कर जुड़े हुए हैं।








