महोबा। पनवाड़ी थाना क्षेत्र के झारखंड धाम स्थित धसान नदी में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब परिवार के साथ पिकनिक मनाने आए शिक्षक जितेंद्र (32) और उनका बेटा नदी में नहाते समय गहरे पानी में चले गए। उन्हें बचाने के लिए छोटा भाई राजकुमार उर्फ राजा (31) नदी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों भाइयों की मौत हो गई, जबकि बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, महोबा में तैनात शिक्षक जितेंद्र अपने परिवार के साथ झारखंड धाम घूमने आए थे। उनके छोटे भाई राजकुमार उर्फ राजा फतेहपुर से पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा देने महोबा आए थे। परीक्षा के बाद दोनों भाई परिवार के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नदी में नहाने के दौरान जितेंद्र और उनका बेटा गहरे पानी में फंस गए। बेटे और भाई को संकट में देख राजा बिना अपनी जान की परवाह किए उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव में फंस गया। स्थानीय लोगों ने बचाव का प्रयास किया, मगर तब तक दोनों भाई डूब चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतकों की बहन सुशीला सचान ने बताया कि परिवार खुशियों के साथ घूमने गया था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर इतना दर्दनाक साबित होगा। वहीं मृतक शिक्षक की पत्नी शालू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि एक ही पल में परिवार की खुशियां उजड़ गईं।
सीओ कुलपहाड़ रविकांत गौड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एक साथ दो सगे भाइयों की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। खुशियों और पारिवारिक पिकनिक का यह दिन कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। झारखंड धाम स्थित धसान नदी में हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।









