कानपुर देहात। कानपुर देहात में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के झींझक उपखंड में तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) रंगलाल पाल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, जेई रंगलाल पाल पर आरोप है कि उन्होंने एक बिजली ठेकेदार से कमीशन के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन यूनिट से की, जिसके बाद टीम ने पूरी योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की।
शिकायतकर्ता जब भोलानगर स्थित झींझक बिजली उपकेंद्र पर जेई को 20 हजार रुपये देने पहुंचा, तभी पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने जेई को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी जेई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। एंटी करप्शन यूनिट का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








