कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र स्थित एफ-ब्लॉक में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जमकर पथराव हुआ, फायरिंग की गई और करीब 40 सेकेंड के भीतर चार देशी बम फोड़ दिए गए। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों की गतिविधियां कैद हुई हैं। सूचना मिलते ही पनकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अभय यादव को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
एसीपी पनकी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करेगी।













