बागपत, उत्तर प्रदेश: बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में बस स्टैंड के पास मंगलवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। टैंट व्यापारी सोहनलाल अग्रवाल और उनके बेटे विकास की अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, फायरिंग के दौरान वहां से गुजर रहा राहगीर रोहित भी गोली लगने से घायल हो गया। वहीं व्यापारी पक्ष की ओर से हुई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश वरुण के घायल होने की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजते हुए जांच शुरू कर दी। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आरोपियों की तलाश के लिए कार्रवाई जारी है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।













